राजस्थान में मानसून की एक्टिवटी तेज होने से कई शहरों में हालात बिगड़ने लगे हैं। कोटा में दो दिन से बारिश हो रही है। यहां शनिवार सुबह पार्वती नदी में उफान से श्योपुर और ग्वालियर (मध्य प्रदेश) मार्ग बंद हो गया है।
टोंक में भी बाढ़ के हालात हैं। जिले के हमीरपुर में शुक्रवार शाम सहाेदरा डैम पर चल रही चादर में एक ट्रक पलट गया। हालांकि, ड्राइवर सहित दो लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है।
तेज बारिश से बिगड़े हालातों के कारण टोंक में आज सभी स्कूलों (प्राइवेट, सरकारी) में स्टूडेंट्स के लिए छुट्टी घोषित कर दी। इधर, बीसलपुर बांध का गेज पिछले 24 घंटे में 43 सेमी. बढ़कर 310.09 आरएल मीटर पर आ गया।
जोधपुर में भी शुक्रवार शाम के हुई तेज बारिश से लोगों को परेशानी हुई। शहर के सरदारपुरा इलाके में एक मकान भी गिर गया। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के मुताबिक आज भी 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
वहीं, कुल 19 जिलों में बारिश हो सकती है। प्रदेश में बारिश का दौर 7 जुलाई तक चलेगा। 8 जुलाई से इसमें कमी होगी। इसके बाद बारिश का दौर कुछ दिनों के लिए थम जाएगा।
तेज बरसात से मकान गिरे, लोगों को बचाया
मालपुरा (टोंक) के हालोलाव बांध भी शुक्रवार शाम को ओवरफ्लो हो गया है। इस कारण कलमंडा गांव दो भागों में बंट गया। पानी मुख्य स्टैंड से होकर बह रहा है।
इससे शुक्रवार रात कुछ घरों समेत स्कूल में पानी भर गया। आधा दर्जन कच्चे घर भी ढह गए।
पुलिस-प्रशासन और SDRF की टीम रात करीब दस बजे यहां पहुंचे और लोगों को निकाला।
बांध ओवरफ्लो हो गया इस कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है।
श्रीगंगानगर में आज सुबह से हल्की बारिश
श्रीगंगानगर में आज सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। ठंडी हवा चलने से भी मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार को बादल छाए, लेकिन बरसे नहीं थे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस था।
कोटा की पार्वती नदी में उफान, स्टेट हाईवे बंद
इटावा (कोटा) क्षेत्र में पिछले दो दिन से हो रही बारिश से नदी नालों में उफान आ गया है।
इसके चलते स्टेट हाईवे 70 पर खातोली पार्वती नदी की पुल पर शनिवार सुबह करीब 2 फीट पानी की चादर चलने के बाद राजस्थान व मध्यप्रदेश के बीच संपर्क कट गया है। कोटा-श्योपुर, ग्वालियर मार्ग पर ट्रैफिक बंद हो गया है।
बीसलपुर बांध में आया 20 दिन का पानी
टोंक के बीसलपुर बांध और उसके आसपास के कैचमेंट एरिया में हुई 5 इंच से ज्यादा बरसात के कारण शुक्रवार को बांध में का गेज एक ही दिन में 43 सेमी. बढ़ गया।
बीसलपुर बांध से जयपुर, अजमेर को पीने का पानी, जबकि टोंक के कुछ एरिया में सिंचाई के लिए पानी सप्लाई होता है।
ये पानी अजमेर-जयपुर के जिलों की सप्लाई के लिए 20 दिन तक उपयोगी होगा। बांध का गेज शुक्रवार सुबह 8 बजे 309.66 आरएल मीटर था, जो रात 9 बजे तक बढ़कर 310.09 आरएल मीटर तक पहुंच गया।
rajasthan mausam samachar, jaipur mausam, rajasthan me barish kb hogi, barish ki taaj update, mausam ki sahi jankari,