यूपी में बुंदेलखंड के ललितपुर में दस्तक देने वाला मानसून झारखंड चला गया। हालांकि, प्री-मानसून के असर से मौसम में तेजी से बदलाव आया है। मेरठ, मुरादाबाद समेत 11 शहरों में तेज बारिश हो रही है। रामपुर के गंज थाने में पानी भर गया है। वहीं, 24 घंटे में 5 शहरों में बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई।
बुधवार को 47 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बरेली में 88.2 मिमी बरसात रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को 57 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा बहेगी। बारिश से कई जिलों में अधिकतम तापमान में 10 से 12 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। बुधवार को बरेली और गोरखपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा। झांसी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.1°C दर्ज किया। गाजीपुर सबसे ठंडा रहा, न्यूनतम पारा 23.6°C रिकॉर्ड किया गया।
मानसून कहां तक पहुंचा
मानसून की अरब सागर की शाखा में अधिक सक्रियता के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून ने ललितपुर के रास्ते प्रदेश में दस्तक दी थी। यह मानसून आगे नहीं बढ़ा। ललितपुर को छूकर झारखंड की ओर चला गया।
बंगाल की खाड़ी से आने वाला मानसून बिहार के रक्सौल में अटका है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 3 दिन में यूपी पहुंच सकता है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
अगले 4 से 5 दिनों में दिन का पारा 6 डिग्री और रात का पारा 5 डिग्री तक नीचे जाएगा। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है।