MP News: मुख्यमंत्री डोक्टर मोहन यादव ने समीक्षा बैठक के बाद वीडियो संदेश में कहा है कि भगवान कृष्ण से जुड़े प्रदेश के सभी स्थानों को पर्यटन स्थल का रूप दिया जाएगा। उन्होंने चित्रकूट में रामगमन पथ का विकास भी तेज करने का अधिकारियों को निर्देश दिया। सरकार ने रामायण के मेले का आयोजन करने का भी निर्णय लिया है। सीएम ने कहा कि उज्जैन में भगवान कृष्ण की शिक्षा हुई। जानापाव में भगवान परशुराम ने उन्हें सुदर्शन चक्र दिया। धार के पास अमझेरा में भगवान का रुक्मिणी हरण को लेकर युद्ध हुआ। ऐसे स्थलों को सरकार पर्यटन स्थल बनाने जा रही है। सीएम ने कहा कि श्रीकृष्ण पथ मार्ग को लेकर भी आज बैठक हुई। संस्कृति विभाग को निर्देश दिए हैं कि भगवान कृष्ण के लीला स्थलों को चिन्हित करें और उनको विकसित करें।
राम वन गमन पथ का विकास कार्य शुरू होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामवन गमन पथ को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। इस पथ के लिए धनराशि स्वीकृत की है। साथ ही साथ चित्रकूट धाम जहां 11 साल भगवान ने गुजारे है वहां प्राधिकरण के चार्ज कलेक्टर को लेने के निर्देश जारी कर दिए हैं। यहां पर एकीकृत योजना बनाते हुए तुरंत विकास का काम प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने भगवान राम के अयोध्या के साथ ही चित्रकूट धाम के भी दर्शन करने का जनता से आह्वान किया।